वनडे सीरीज़ गर्ल…
वनडे सीरीज़ गर्ल…
भूमिका
यह जीवन-वृत्तांत एक गहरे सत्य को सहज उदाहरण से प्रस्तुत करता है—
एकाग्रता ही वास्तविक ज्ञान का आधार है।
लड़की की विशेषता उसकी मेहनत से अधिक उसकी सुनने की क्षमता थी। यह कहानी यह भी दर्शाती है कि बाहरी आकलन (जैसे “यह तो पढ़ती ही नहीं”) अक्सर भ्रामक होते हैं, जबकि वास्तविक सफलता भीतर की सजगता से आती है।
“वनडे सीरीज़ गर्ल” दरअसल उस मानसिक दक्षता का प्रतीक है, जिसमें निरंतर अभ्यास के बजाय गहन ध्यान से ज्ञान अर्जित किया जाता है।
वनडे सीरीज़ गर्ल…
अक्सर सुनते हैं, पर “वनडे सीरीज़ गर्ल”…? आप भी सोच रहे होंगे—यह कैसी सीरीज़ है?
आइए, मिलते हैं एक ऐसी लड़की से, जो “वनडे सीरीज़ गर्ल” के नाम से जानी जाती थी।
आज यादों की हवाओं ने पचास वर्ष पुरानी एक खिड़की खोल दी है। वह एक ईमानदार और बुद्धिमान लड़की थी, जो कक्षा में बैठकर बड़े ध्यान से हर शिक्षक की बात सुनती और उसे अपने भीतर उतार लेती। शिक्षक द्वारा कहे गए शब्द, बेर की गुठली या लेमन चूस के रस की तरह, कब उसके भीतर समा जाते—उसे स्वयं भी पता नहीं चलता।
कई बार वह चुपके से बेर खा रही होती और तभी शिक्षक की नज़र उस पर पड़ जाती। शिक्षक तुरंत प्रश्न पूछते, और वह बड़ी मुस्तैदी से उत्तर दे देती—गुठली भीतर और जवाब बाहर! यह देखकर शिक्षक भी आश्चर्यचकित रह जाते।
सहेलियों के बीच भी उसका यही हाल था। बातचीत करते-करते जैसे ही कोई प्रश्न आता, उसका सही उत्तर तुरंत तैयार होता, जबकि बाकी लड़कियाँ चुप रह जातीं और शिक्षक के गुस्से का सामना करतीं। बाद में वे अपना गुस्सा उसी पर उतारतीं—“तू भी तो हमारे साथ बात कर रही थी, फिर तुझे जवाब कैसे आ गया?”
वह बस मुस्कुरा देती।
यहाँ तक कि उसके पड़ोस में रहने वाली एक शिक्षिका भी अन्य शिक्षकों से कहती—“इस पर ज़रा नज़र रखिए। मैंने इसे कभी पढ़ते नहीं देखा। यह तो हर समय खेलती-कूदती रहती है। ज़रूर नकल करके अच्छे अंक लाती होगी।”
परंतु वह जानती थी कि उसकी सफलता का रहस्य केवल एकाग्रता था। कक्षा में ध्यानपूर्वक सुनी हुई बातें ही उसकी स्मृति में बस जाती थीं। परीक्षा के दिनों में वह केवल उस विषय पर सरसरी नज़र डालती, जिसका पेपर होता, और पूरी तरह तैयार हो जाती।
जब उसने यह बात अपनी सहेलियों को बताई, तो उन्होंने उसे नाम दे दिया—“वनडे सीरीज़ गर्ल”।
है न यह दिलचस्प?
इसीलिए हमारे बुजुर्ग हमेशा कहते रहे हैं—“ध्यान से सुनो।” लेकिन बचपन में हम हँसकर कहते थे—“सुनने के लिए तो कान हैं ही!” तब कहाँ समझ पाते थे कि ‘ध्यान’ क्या होता है। हम ‘ध्यान’ को भी ‘ज्ञान’ ही समझते थे, और बचपन में ज्ञान की बातें आसानी से समझ में नहीं आतीं।
स्मृति






Comments
Post a Comment