हमेशा खुश रहो
भूमिका
हमेशा खुश रहो
एक बालमन, एक चित्र और ईश्वर का मौन उत्तर
कुछ चित्र रेखाओं से नहीं बनते,
वे संवेदनाओं से जन्म लेते हैं।
यह संयुक्त चित्र भी ऐसा ही है।
एक ओर कच्ची रेखाएँ हैं — बालिका की अनुभूति की सच्चाई,
और दूसरी ओर वही अनुभूति जब विश्वास, स्नेह और आशा से संवरती है।
उस बालिका ने किसी शब्दकोश से 'तनाव' नहीं सीखा था,
पर घर के वातावरण में पसरी नकारात्मकता
उसके नन्हे मन को चुपचाप छू गई थी।
वह जानती थी कि कुछ ठीक नहीं है,
पर यह भी जानती थी कि शिकायत से समाधान नहीं आता।
उसने रंग नहीं चुने,
उसने उपदेश नहीं दिया,
उसने केवल एक चित्र बनाया —
और उस पर लिखा:
“Always be happy” — हमेशा खुश रहो।
यह वाक्य किसी दीवार पर टंगा स्लोगन नहीं था,
यह एक प्रार्थना थी —
जो उसने अपने दादा जी को दे दी।
और चमत्कार यहीं से शुरू हुआ।
दादा जी के हाथों में वह चित्र पहुँचा
तो शब्दहीन संवाद हुआ।
काग़ज़ ने वह कह दिया
जो वर्षों की चुप्पी नहीं कह पाई थी।
तनाव उड़नछू हो गया,
चेहरे पर हल्की मुस्कान लौटी,
और घर के वातावरण में
एक अदृश्य उजास फैल गया।
शायद यही वह क्षण था
जब प्रकृति ने भी कहा —
“मैं देख रही हूँ।”
और फिर…
प्रकृति ने उस बालिका को
उसका सबसे प्रिय तोहफ़ा 'डॉल हाउस' के रूप में लौटा दिया। उसकी खुशी का पारावार ना रहा.
न संयोग, न सौदा —
बस एक शुद्ध आत्मा के प्रति
ईश्वर की मौन स्वीकृति।
यह संयुक्त चित्र
केवल एक कला-रूप नहीं है,
यह प्रमाण है कि
जब भावनाएँ निष्कपट होती हैं
तो ईश्वर को सुनने के लिए
शब्दों की आवश्यकता नहीं पड़ती।
एक बालिका,
एक चित्र,
और एक वाक्य —
“हमेशा खुश रहो”
पूरे घर का मंत्र बन गया।
आज इस चित्र के माध्यम से
हम प्रभु के प्रति आभार व्यक्त करते हैं —
कि आपने सिखाया
कि सबसे बड़ा समाधान
सबसे छोटी आत्मा के पास भी हो सकता है।
🙏
हे प्रभु,
शुद्धात्माओं को सुरक्षित रखना,
क्योंकि उन्हीं से
यह संसार
अब भी सुंदर है।
सूचना स्रोत





Comments
Post a Comment